#भरतपुर। बयाना उपखंड कार्यालय में एसडीएम अल्का श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें निकाय चुनावों की तैयारियों और विभागीय विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले छह प्रमुख अधिकारियों को एसडीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस पाने वाले अधिकारियों में सीडीपीओ, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी और जल संसाधन विभाग के एईएन, बीसीएमओ तथा वरिष्ठ पशु चिकित्सा प्रभारी शामिल हैं। एसडीएम ने उपस्थित अधिकारियों से उनके विभागों में चल रही योजनाओं की प्रगति का ब्योरा लिया और आमजन से जुड़ी समस्याओं व विकास कार्यों को समय पर पूरा करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों को तत्परता से निभाने और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।