
एशियन जंप रोप चैंपियनशिप के लिए चीन रवाना होंगी देवास की तीन बेटियां
एसपी पुनीत गेहलोद ने देर रात दी शुभकामनाए
श्रुतिका जसोना, आस्था परमार और तनिष्का राव करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, एसपी बोले— देवास की बेटियां अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा रही हैं जिले का मान
देवास। चीन के झेजियांग प्रांत के शांग्यू (शाओशिंग) में 30 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली एशियन जंप रोप चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही देवास की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रुतिका जसोना, आस्था परमार और तनिष्का राव विदेश रवाना होने से पहले देर रात पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद से सौजन्य भेंट करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने एसपी से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने तीनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा भारत, मध्यप्रदेश और देवास जिले का नाम विश्व मंच पर रोशन करें।
एसपी ने कहा कि "देवास की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले की पहचान बना रही हैं। हमें विश्वास है कि तीनों खिलाड़ी एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए गौरव का क्षण लेकर लौटेंगी।"
इस अवसर पर श्रुतिका जसोना, आस्था परमार और तनिष्का राव ने पुलिस अधीक्षक का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर उनका आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और पदक जीतकर लौटने का संकल्प भी दोहराया।