चूरू नगर परिषद सहित जिले के पांच निकाय अनारक्षित ओपन, राजनीतिक हलचल तेज
चूरू जिले में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर गुरुवार को सभापति और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई, जिसके बाद स्थानीय राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। जिला मुख्यालय पर स्थित चूरू नगर परिषद का सभापति पद इस बार अनारक्षित ओपन घोषित किया गया है, जिससे दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में टिकट के दावेदारों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रशासन द्वारा जारी आरक्षण सूची के अनुसार चूरू के अलावा तारानगर, राजलदेसर, रतनगढ़ और रतननगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद भी अनारक्षित ओपन रखे गए हैं। वहीं बीदासर और छापर पालिकाओं में अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला वर्ग के लिए तय किया गया है। इसके अलावा सुजानगढ़ और राजगढ़ पालिकाओं में ओबीसी ओपन, सरदारशहर में ओबीसी महिला और साहवा नगर पालिका के लिए एससी ओपन की लॉटरी निकली है। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद राजनीतिक दलों ने सुगबुगाहट तेज कर दी है और वार्डवार समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पिछले नगर निकाय चुनाव में चूरू नगर परिषद सभापति का पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था, जिस दौरान कांग्रेस का बोर्ड बनकर पायल सैनी सभापति चुनी गई थीं। इस बार पद सामान्य होने के कारण टिकट और दावेदारी के लिए मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि चूरू नगर परिषद क्षेत्र में कुल 60 वार्ड हैं, जिनमें 49,346 पुरुष और 46,536 महिलाओं सहित कुल 95,882 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और चुनाव के लिए कुल 106 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। #folowers #nonfollowers #followerseveryone #highlightseveryone
#trendingnow #elecationlottray