
*‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ अभियान के तहत नवमतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें*
*6 अक्टूबर को जिले के सभी विद्यालयों में विशेष शिविर, 18-19 आयु वर्ग के पात्र युवाओं से भरवाया जाएगा फॉर्म-6*
*सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर।* जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने स्वीप गतिविधियों के तहत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र नवमतदाताओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
उन्होंने बताया कि ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ अभियान के तहत 6 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से जिले के सभी विद्यालयों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय बीएलओ एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्रभारियों के सहयोग से पात्र नवमतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
*ऑनलाइन भी कर सकते हैं मतदाता पंजीकरण*
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आमजन की सुविधा के लिए मतदाता पंजीकरण के फॉर्म-6 एवं संशोधन के फॉर्म-8 के साथ एसआईआर के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र को हटा दिया गया है। अब राजस्थान सहित एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण कर चुके अन्य राज्यों में पात्र नागरिक voters.eci.gov.in अथवा ECINET पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। पात्र नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय एवं महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब द्वारा आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ की भावना के साथ अधिकाधिक पात्र नागरिकों की सहभागिता से ही सहभागी एवं समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
---000---