
रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रैफिक पर लगा 'ग्रहण'
फुटपाथ पर अतिक्रमण से रोज लग रहा जाम
ऑटो-ई-रिक्शा के जमावड़े से रोज जूझ रहे शहरवासी
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
नगर के रेलवे स्टेशन से सरकुलर रोड को जोड़ने वाला शहर का मुख्य मार्ग इन दिनों यातायात अव्यवस्था और अतिक्रमण की गिरफ्त में है। स्टेशन पर यात्रियों को लेने-छोड़ने आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर जगह-जगह खड़े ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा के जमावड़े के कारण बार-बार जाम का सामना करना पड़ रहा है। बेतरतीब खड़े वाहनों से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
समस्या केवल ऑटो-टेंपो और ई-रिक्शा के जमावड़े तक सीमित नहीं है। दुकानदारों और होटल संचालकों द्वारा सड़क व फुटपाथ के बाहर सामान रखने से मार्ग और संकरा हो रहा है। लेकिन संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी और स्थाई कार्रवाई नजर नहीं आ रही। खास बात यह है कि इस मार्ग की व्यवस्था नगर परिषद रेवाड़ी, यातायात पुलिस और रेलवे विभाग से जुड़ी है। इसके बावजूद समस्या लगातार बनी हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश खरखड़ा ने इसे केवल यातायात की समस्या न बताते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, शहरी निकाय मंत्री व केन्द्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया है और निजात दिलाने की मांग की है।
Rewari, Rewari | Aug 19, 2026