आईआईएससी छात्रा आरजू लांबा का नीदरलैंड के टीयू डेल्फ्ट में पीएचडी के लिए चयन
चूरू जिले की लांबा की ढाणी निवासी प्रतिभाशाली छात्रा आरजू लांबा का चयन विश्व के प्रतिष्ठित तकनीकी विश्वविद्यालय टीयू डेल्फ्ट (नीदरलैंड) में सॉलिड-स्टेट बैटरी विषय पर पीएचडी के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र सहित पूरे राजस्थान में खुशी का माहौल है।
आरजू ने हाल ही में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु से रसायन विज्ञान में एमएससी की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले उन्होंने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर से बीएससी की डिग्री प्राप्त की। उनकी स्कूली शिक्षा मैट्रिक्स हाई स्कूल, सीकर और लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल, चूरू से हुई।
आरजू ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सीएसआईआर-नेट जेआरएफ परीक्षा में अखिल भारतीय 60वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब वे टीयू डेल्फ्ट में ऊर्जा भंडारण क्षेत्र की अत्याधुनिक सॉलिड-स्टेट बैटरी तकनीक पर शोध करेंगी। यह तकनीक भविष्य में सुरक्षित, टिकाऊ और अधिक क्षमता वाली बैटरियों तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के विकास में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आरजू ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी शिक्षिका माता ममता लोहचब, बहन तमन्ना, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।