गौतम मौर्य हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिले सांसद नीरज मौर्य, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र के कमलनैनपुर में हुए गौतम मौर्य हत्याकांड में आंवला सांसद नीरज मौर्य ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने मुकदमे की प्रभावी पैरवी के लिए योग्य अधिवक्ता उपलब्ध कराने और परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। परिजनों ने नामजद आरोपी समीर के अलावा घटना में शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर गिरफ्तारी की मांग की।सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मृतक परिवार का एकमात्र सहारा था, इसलिए शासन को परिवार की वास्तविक मदद करनी चाहिए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज मिश्रा ने दोषियों को कठोरतम सजा देने, मामले को सांप्रदायिक रंग न देने तथा परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। सांसद की पत्नी रश्मि मौर्य ने भी परिवार की महिलाओं से मुलाकात कर आर्थिक सहायता दी।