डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा ने आगजनी से पीड़ित परिवारों को दी एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता
सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है: एसडीएम पुलकित मल्होत्रा
सफीदों, 14 सितंबर सफीदों में गत 7 मार्च को एक फैक्ट्री में हुई भीषण आगजनी की हृदयविदारक घटना में 12 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई थी, जबकि 8 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस दुखद घटना के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। इसी कड़ी में हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी ओर से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।
सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सोमवार को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा द्वारा प्रदान की गई एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक मृतकों के परिजनों को वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। सरकार का उद्देश्य केवल तत्काल राहत उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग देकर उनके जीवन को पुनः सामान्य स्थिति में लाने का भी है।
एसडीएम ने कहा कि 7 मार्च की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक थी, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। ऐसी कठिन परिस्थिति में समाज और प्रशासन का दायित्व है कि पीड़ित परिवारों का संबल बनकर उनके साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई है। इसके साथ ही डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर सहायता प्रदान करना भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का परिचायक है। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार राजेश गर्ग, भाजपा आईटी सेल के सदस्य रवि थनई तथा जिला भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सक्षम भाटिया विशेष रूप से मौजूद रहे।
Safidon, Jind | Sep 14, 2026