ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बालरवा सरपंच पुखराज परिहार ने संभाला पदभार
तिंवरी, जोधपुर। तिंवरी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बालरवा के नवनिर्वाचित सरपंच पुखराज परिहार ने बुधवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ ग्राम पंचायत कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नारायण गिरी महाराज के सान्निध्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सरपंच पुखराज परिहार और उपसरपंच दुर्गा कंवर का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में वार्ड पंच, पूर्व सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच पुखराज परिहार ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वच्छता सहित मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी को साथ लेकर विकास कार्य करवाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।