मीनापुर बलहा में अवैध मिट्टी खनन पर खनन विभाग की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त,
शिवहर। बागमती नदी क्षेत्र से मीनापुर बलहा इलाके में अवैध रूप से मिट्टी का खनन एवं परिवहन किए जाने के मामले में खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को पिपराही थाना में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, खनन इंस्पेक्टर राशिद इमाम के नेतृत्व में मीनापुर बलहा क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जांच अभियान चलाया गया। जांच के बाद वाहन को जब्त करते हुए पिपराही थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
खनन विभाग की ओर से मामले में खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दंड अधिरोपित किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से मिट्टी का खनन और परिवहन करने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति है।
बताया गया कि बागमती नदी क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।