
नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे दो तस्कर गिरफ्तार, 45.290 किलो डोडा पोस्त बरामद
जोधपुर। डांगियावास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम जोधपुर ईस्ट ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45.290 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही किआ सेल्टोस कार भी पुलिस ने जब्त की है। जांच में कार चोरी की होने की बात सामने आई है। पुलिस को कार से अलग-अलग नंबरों की 8 फर्जी नंबर प्लेटें भी मिली हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष उर्फ रोहित (31) पुत्र महिराम विश्नोई और रामप्रकाश उर्फ रोनी बाबल (22) पुत्र हनुमानराम विश्नोई, निवासी बाबलों का बास फिटकासनी, थाना कुड़ी भगतासनी, जोधपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि किआ सेल्टोस कार में डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर शनिवार को दांतीवाड़ा पुलिया के नीचे नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने ग्रे रंग की संदिग्ध किआ सेल्टोस को रुकने का इशारा किया। चालक ने रुकने के बजाय कार को तेज रफ्तार से भगाने का प्रयास किया। इस दौरान कार बेकाबू होकर पुलिया से टकरा गई और क्षतिग्रस्त होकर मौके पर रुक गई। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया।
कार की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के दो कट्टों में 45.290 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को कार के चोरी की होने की जानकारी भी मिली। इसके अलावा कार के अंदर अलग-अलग नंबरों की 8 फर्जी नंबर प्लेटें बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार आरोपी नाकाबंदी और पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग जिलों की सीमा पार करने के बाद कार की नंबर प्लेट बदल देते थे।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और डोडा पोस्त की तस्करी से जुड़े नेटवर्क, मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई किए जाने वाले स्थानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। डांगियावास थाना पुलिस की ओर से एक ही दिन में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई है।