झारखंड के लिए कृषि निर्यात के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल हुई है। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) की पहल पर राज्य से पहली बार ताजे आमों की व्यावसायिक खेप यूनाइटेड किंगडम के लिए रवाना की गई है। इससे झारखंड के किसानों, विशेषकर महिला किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के द्वार खुल गए हैं।
यह खेप सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड स्थित महिला किसान उत्पादक कंपनी ‘बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ द्वारा तैयार की गई है। इसमें 1.5 मीट्रिक टन आम्रपाली किस्म के ताजे आम शामिल हैं, जिन्हें कोलकाता की कंपनी जेजीबी एग्रोफ्रेश प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लंदन भेजा गया है। इस खेप को चार जून को कोलकाता में आयोजित एक समारोह के दौरान रवाना किया गया।