
*विभागीय जांच पोर्टल के नए वर्जन पर राजस्व अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण*
--------------
कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को विभागीय जांच पोर्टल के नवीन वर्जन के संबंध में शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित ई-दक्ष केन्द्र में वरिष्ठ प्रशिक्षक वैभव सोनी ने यह प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को विभागीय जांच से संबंधित संपूर्ण प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से संपादित किया जाना अनिवार्य होने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय जांच प्रकरणों के ऑनलाइन संचालन के लिए पोर्टल के नवीन वर्जन में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं प्रक्रियाओं से अधिकारियों को अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में विभागीय जांच का संपूर्ण वर्क फ्लो समझाया गया। इसमें प्रकरण प्रारंभ करने से लेकर आवश्यक कार्यवाहियों को पोर्टल पर दर्ज करने तथा प्रकरण के विभिन्न चरणों में की जाने वाली कार्यवाही की प्रक्रिया को क्रमबद्ध रूप से बताया गया। अधिकारियों को प्रायोगिक डिमॉन्स्ट्रेशन के माध्यम से पोर्टल पर विभागीय जांच की संपूर्ण प्रक्रिया करके भी दिखाई गई, जिससे वे पोर्टल पर स्वयं कार्यवाही संपादित करने की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें। प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय जांच प्रकरणों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं कार्यप्रणाली के डिजिटलीकरण को सुनिश्चित करते हुए पोर्टल के माध्यम से विभागीय जांच की कार्यवाही को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करना है।
Panna, Panna | Sep 12, 2026