
सरकार हठधर्मिता को छोड़, करें कर्मचारियों की मांगें पूरी : नरेंद्र दिनोद - नगर पालिका कर्मचारियों के समर्थन में उतरे रोडवेज कर्मचारी
भिवानी : नगर पालिका की हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के बैनर तले रोड़वेज कर्मचारियों ने बस स्टैंड पर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता डिपो प्रधान अनिल फौजी व संचालन सचिव अनिल नागर ने किया। इस दौरान मुख्य रूप से यूनियन के राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद व महासचिव पवन शर्मा भी उपस्थित रहे। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद व महासचिव पवन शर्मा ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारियों की चल रही हड़ताल के समर्थन में आज पूरे प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ रोडवेज कर्मचारियों ने दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के बजाय उनको परेशान करने में लगी हुई है। उन्होंनें बताया कि बीती 13 मई को नगर पालिका कर्मचारियों की सरकार के साथ बातचीत हुई थी। जिसमें सरकार ने नगर पालिका कर्मचारियों की सभी मांगों को मानतें हुए उन्हें 15 दिन में लागू करने के लिए कहा था, लेकिन आज डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी उन्हें पूरा नहीं किया गया। रोष स्वरूप नगर पालिका कर्मचारी बीती 6 अगस्त से दोबारा हड़ताल में बैठ गए है। इसी कड़ी में उनके समर्थन में रोडवेज कर्मचारियों ने पूरे प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि अगर जल्द कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो रोडवेज कर्मचारी चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी। इस अवसर पर प्रदर्शन में सोनू प्रजापत, राजकुमार, सोनू लखेरा, महेंद्र, सुरेश, राकेश, जयभगवान, सुरेंद्र , छोटुराम, सत्यप्रकाश, रामदत, ईश्वर , उमेश सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।