
*9 से 17 अगस्त तक जिले में चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, जनभागीदारी से बनेगा राष्ट्रभक्ति का उत्सव*
*जिला कलक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा, ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक होंगे विभिन्न आयोजन*
*14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’, 15 अगस्त को राजकीय भवनों पर होगा ध्वजारोहण*
*सवाई माधोपुर, 6 अगस्त।* राज्य सरकार के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक निर्धारित गतिविधियों का गरिमापूर्ण आयोजन करते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*तिरंगा प्रभात फेरी से होगा अभियान का आगाज , 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन:-* उल्लेखनीय है कि जिलेभर में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रत्येक गांव एवं ढाणी में स्थानीय जनसमुदाय की सहभागिता से आयोजित तिरंगा प्रभात फेरी के साथ होगी। 10 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में नागरिकों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी से ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर एवं तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। 11 एवं 12 अगस्त को 'तिरंगा' एवं 'वंदे मातरम्' विषयक प्रदर्शनियों एवं मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गतिविधियां तथा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसी क्रम में 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'तिरंगा कैनवास' स्थापित किए जाएंगे, जिन पर आमजन हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे। 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सुरक्षा बलों के सेवानिवृत्त कार्मिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ सभी नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी।
*‘हर घर तिरंगा’ को जन-जन का अभियान बनाएं:-* जिला कलक्टर ने संबंधित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों सहित सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने तथा आयोजित गतिविधियों की सूचना एवं फोटो भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल https://harghartiranga.com/ पर अपलोड करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का पूर्ण सम्मान करते हुए तिरंगा फहराएं, तिरंगा यात्राओं एवं विभिन्न गतिविधियों में भाग लें तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।