जेएसएससी सीजीएल परीक्षा मामले में पत्थलगड्डा के बीएसओ हिरासत में
परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़ी विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही है पूछताछ
सीआइडी के निर्देश पर पुलिस ने हिरासत में लिया
चतरा: जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में पत्थलगड्डा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) तेजनारायण पंडित को पुलिस ने हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि सीआइडी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में तेजनारायण पंडित का नाम सामने आया था. इसी मामले को लेकर सीआइडी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया. हिरासत में लिये गये बीएसओ परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़ी विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, पुलिस या संबंधित अधिकारियों की ओर से फिलहाल मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत से जानकारी नहीं दी गयी है. पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले में तेजनारायण पंडित की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. गौरतलब है कि जेपीएससी और जेएसएससी के तहत आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में इन दिनों रांची में अभ्यर्थियों का आंदोलन चल रहा है. इसी बीच जेएसएससी सीजीएल मामले में पत्थलगड्डा बीएसओ को हिरासत में लिये जाने की खबर से प्रशासनिक और प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े हलकों में चर्चा तेज हो गयी है. हालांकि सोमवार की देर शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेएसएससी सीजीएल सहित टीडीपीएल कंपनी द्वारा आयोजित सभी परीक्षा को रद्द का ऐलान किया है.