
रामपुर एचपीएस में दो दिवसीय इंटर-प्रोजेक्ट खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, एथलेटिक्स में रामपुर और बैडमिंटन में कॉर्पोरेट मुख्यालय रहा विजेता
- विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों ने दिखाया दमखम, प्रियंका बंसल और संजू कुमार चुने गए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के तत्वावधान में रामपुर एचपीएस में आयोजित दो दिवसीय इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं और कॉर्पोरेट मुख्यालय के कर्मचारियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रोशन कुमार, विभागाध्यक्ष (पीएसआईटी एंड सी), रामपुर एचपीएस ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को बधाई दी। उन्होंने प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल कर्मचारियों में टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए परियोजना प्रमुख विकास मारवाह और उनकी पूरी टीम का आभार जताया।
वहीं, परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने भी सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में महिला वर्ग का ओवरऑल विजेता कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला रहा, जबकि पुरुष वर्ग में रामपुर एचपीएस ने बाजी मारी। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रियंका बंसल (सीएचQ), 200 मीटर में रचिता (एनजेएचपीएस), 400 मीटर में अंकिता कुमारी (एलएचईपी) और 800 मीटर में रमा (एनजेएचपीएस) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में धीरज शर्मा (आरएचपीएस) ने 100 और 400 मीटर, रिकी चौहान (सीएचQ) ने 200 मीटर तथा शुभम बंसल (एनजेएचपीएस) ने 800 और 1500 मीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया। चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में महिला वर्ग में एनजेएचपीएस और पुरुष वर्ग में आरएचपीएस की टीम विजेता रही।
शॉटपुट और डिस्कस थ्रो की महिला स्पर्धाओं में प्रियंका बंसल (सीएचQ) ने दोनों खिताब अपने नाम किए। पुरुष वर्ग में शॉटपुट में सुरेश कुमार (सीएचQ) और डिस्कस थ्रो में अक्षय (आरएचपीएस) विजेता रहे। लंबी कूद और ऊंची कूद में महिला वर्ग से स्मृति दत्ता (सीएचQ) ने दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की लंबी कूद में रिकी चौहान (सीएचQ) और ऊंची कूद में करण (एनजेएचपीएस) विजेता रहे।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों टीम स्पर्धाओं में कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। महिला वर्ग में प्रियंका बंसल (सीएचQ) और पुरुष वर्ग में संजू कुमार (एनजेएचपीएस) को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
इस खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों को आपसी मेलजोल और सहयोग बढ़ाने का अवसर मिला। साथ ही इस आयोजन ने एसजेवीएन परिवार की एकजुटता और आपसी सौहार्द को भी मजबूती प्रदान की।
Ani, Kullu | Nov 19, 2026