
#चूरू पंचायतीराज आम चुनाव 2026 : जिले के शिक्षण संस्थानों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने जानी लोकतंत्र की महत्ता
चूरू, 21 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के निर्देशन में बुधवार को स्वीप प्रकोष्ठ के द्वारा पंचायतीराज आम चुनाव — 2026 के मध्यनजर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत समस्त राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय "कागज पर मतदान सजाएं, मतदान का महत्व बताएं" रखा गया। जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया और निबंध के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष निर्वाचन तथा मताधिकार के महत्व को प्रभावी ढंग से कागज पर उकेरा। विद्यार्थियों ने निबंधों के जरिए संदेश दिया कि लोकतंत्र की आधारशिला ग्राम स्तर पर मजबूत होती है और पंचायत चुनाव में हर एक वोट गांव व क्षेत्र के विकास की दिशा तय करता है। कई प्रतिभागियों ने ग्रामीण स्तर पर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के रचनात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किए।
Bidasar, Churu | Oct 21, 2026