
छतरपुर में हाई-प्रोफाइल जुए के फड़ पर कोतवाली पुलिस का छापा, 5 व्यापारी गिरफ्तार, 10 से अधिक जुआरी फरार
ग्वाल मंगरा तालाब के पास चल रहा था जुए का अड्डा, डेढ़ लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद, सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही थी निगरानी।
छतरपुर। शहर में जुए के अवैध कारोबार पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वाल मंगरा तालाब के पास संचालित हाई-प्रोफाइल जुए के फड़ पर छापा मारा। टीआई सतीश सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 5 जुआरियों को पकड़ा गया, जबकि 10 से अधिक लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से ताश के पत्तों के साथ डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।
बताया जा रहा है कि जुए का यह फड़ बेहद शातिर तरीके से संचालित किया जा रहा था। पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आसपास की गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके बावजूद पुलिस ने रणनीति बनाकर दबिश दी और जुए के अड्डे का भंडाफोड़ कर दिया।
कार्रवाई के दौरान शहर के कई नामी व्यापारी भी जुआ खेलते मिले। मामले को प्रभावित करने की कोशिशों की चर्चाओं के बीच पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, अफरा-तफरी का फायदा उठाकर 10 से अधिक जुआरी भागने में सफल रहे।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार, उक्त जुए का फड़ नीरज गुलेरी नामक व्यक्ति द्वारा संचालित कराया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि शहर में सीसीटीवी निगरानी के बीच लंबे समय से कथित तौर पर संचालित हो रहे इस जुए के फड़ के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे? पुलिस की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का खुलासा होना बाकी है।