
विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला से बनाई भगवान गणेश की आकृति
दयाल सिंह पब्लिक स्कूल में पर्यावरण अनुकूल गणेश चतुर्थी एवं शून्य अपशिष्ट के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित...
जगाधरी। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: नगर निगम की टीम द्वारा बूड़िया रोड स्थित दयाल सिंह पब्लिक स्कूल में गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में पर्यावरण अनुकूल गणेश चतुर्थी एवं शून्य अपशिष्ट के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मेयर सुमन बहमनी के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव श्रृंखला के माध्यम से भगवान गणेश की आकर्षक आकृति बनाई। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा त्योहारों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने का संदेश दिया। स्वच्छ भारत मिशन टीम के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों को गणेश प्रतिमा एवं पूजा सामग्री के कारण होने वाले जल एवं पर्यावरण प्रदूषण के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने, एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने तथा पूजा सामग्री का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानाचार्या पारुल ने विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित त्योहार मनाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।