
BLO ने चुनाव आयोग को भेजा इस्तीफा, मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप
पंचकूला, 23 जून। कालका विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-08 पर नियुक्त BLO शैलेन्द्र सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर BLO ड्यूटी से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बूथ से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
शैलेन्द्र सिंह ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य चल रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना उनसे कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे उन्हें शारीरिक और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते उन्होंने SIR कार्य करने में असमर्थता जताई है।
पत्र में उन्होंने BLO ड्यूटी से त्यागपत्र देने की बात कहते हुए चेतावनी दी है कि यदि उन्हें आगे भी प्रताड़ित किया गया या मानसिक तनाव बढ़ाया गया और इसके कारण कोई गंभीर स्वास्थ्य संबंधी घटना या अन्य अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसके लिए चुनाव आयोग पंचकूला के अधिकारी, एसडीएम कालका और उपायुक्त पंचकूला जिम्मेदार होंगे।
शैलेन्द्र सिंह वर्तमान में कालका विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-08 पर BLO के रूप में कार्यरत हैं। उनके इस पत्र के बाद प्रशासनिक और चुनावी हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।