
उत्तराखंड: 8 दिसंबर को होनी थी शादी, सड़क हादसे में घायल सेना के जवान महिमन चुफाल ने लखनऊ में तोड़ा दम
पिथौरागढ़ हादसे में गई दो युवाओं की जान, 12 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात जवान के निधन से परिवार में मचा कोहराम
पिथौरागढ़/नानकमत्ता। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल भारतीय सेना के जवान महिमन सिंह चुफाल का निधन हो गया। लखनऊ स्थित कमान अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान के निधन की खबर से उनके परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सबसे दुखद पहलू यह है कि महिमन सिंह की शादी आगामी 8 दिसंबर को होनी तय थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
दो बाइकों की आमने-सामने हुई थी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ नगर के बिण पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
एक बाइक पर 20 वर्षीय धीरज भट्ट और केशव शर्मा सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात महिमन सिंह चुफाल और राजेश रावत सवार थे। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया था।
उपचार के दौरान जवान ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल धीरज भट्ट की उपचार के लिए बरेली ले जाते समय खटीमा के आसपास एंबुलेंस में मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिमन सिंह चुफाल को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से लखनऊ स्थित कमान अस्पताल पहुंचाया गया था। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस सड़क हादसे में दो युवाओं की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
8 दिसंबर को होनी थी शादी
महिमन सिंह चुफाल ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम नलई निवासी रमेश सिंह चुफाल के पुत्र थे। उनका परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के हुबली गांव का रहने वाला है। महिमन भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात थे।
परिवार में उनकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और आगामी 8 दिसंबर को विवाह होना तय था। परिजनों को बेटे की शादी का इंतजार था, लेकिन हादसे की दुखद खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
क्षेत्र में शोक की लहर
महिमन सिंह चुफाल के असामयिक निधन से उनके परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख है। देश की सेवा में तैनात जवान की इस तरह असमय मृत्यु ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
सड़क दुर्घटना की यह घटना एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
#UttarakhandNews #Pithoragarh #Nanakmatta #IndianArmy #MahimanSinghChufal #UttarakhandNewsToday #RoadAccident