
पिरवां पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प, विशेष ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित
औरंगाबाद।गांधी जयंती के अवसर पर जन योजना अभियान सबकी योजना, सबका विकास’ के तहत प्रखंड मदनपुर की पिरवां ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्राम पंचायत भवन परिसर में आयोजित ग्राम सभा की अध्यक्षता मुखिया जनेश्वर यादव ने की। सभा में वर्ष 2027-28 की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को लेकर ग्रामीणों से सुझाव लिए गए तथा पंचायत के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा हुई।इसी दौरान पंचायत को सुरक्षित बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत’ बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
ग्राम सभा में पंचायत सचिव अरविंद कुमार, सरपंच संजय यादव, पंचायत समिति प्रतिनिधि रंजय भुइयां सहित सभी वार्ड सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दीप ज्योति कल्याण संस्थान के सामुदायिक सोशल वर्कर बिंदु कुमार ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि इसे रोकने के लिए पंचायत, परिवार और समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन व चाइल्ड लाइन को सूचित करें।
अंत में सभी जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि पिरवां पंचायत में एक भी बाल विवाह नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान गोपाल यादव,उपमुखिया संजीत यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे