
चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्योर्तिमठ के निकट पैनी क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।रियल एस्टेट एजेंसियां
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी थे और बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए उत्तराखंड आए थे। बताया गया कि श्रद्धालुओं का दल एक दिन पहले ही राज्य में पहुंचा था और शुक्रवार सुबह धाम की ओर रवाना हुआ था।
हादसा उस समय हुआ जब टेंपो ट्रैवलर ज्योर्तिमठ के पास पैनी क्षेत्र से गुजर रही थी। अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी सहायता के लिए पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव दल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योर्तिमठ भेजा गया।