किऊल रेल पुलिस की कार्रवाई, चोरी की साइकिल के साथ युवक गिरफ्तार
लखीसराय। किऊल रेल पुलिस ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक साइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, किऊल स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अफजल अली को झांसी (उत्तर प्रदेश) निवासी रिंकू यादव ने सूचना दी कि उनके बच्चे की एवन कंपनी की साइकिल झाझा–दानापुर पैसेंजर ट्रेन से किसी ने उतार ली है।
सूचना मिलते ही आरक्षी अफजल अली ने यात्री की मदद से रेल परिसर में एक युवक को बच्चे की साइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मुंगेर जिले के धरहरा निवासी दरोगी ठाकुर के पुत्र रोहित कुमार के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि साइकिल उसने दानापुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से चोरी की थी।
इसके बाद आरोपी और बरामद साइकिल को जीआरपी किऊल लाया गया। पीड़ित रिंकू यादव की लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, लखीसराय भेज दिया गया।