
#सफलता_की_कहानी
आईटीआई गुना के छात्र सोहिब खान बने रेलवे टेक्नीशियन
गुना के घोसीपुरा निवासी सोहिब खान ने सीमित संसाधनों और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत, लगन और मार्गदर्शन के बल पर रेलवे में टेक्नीशियन के पद तक पहुंचकर सफलता हासिल की है। वर्तमान में वे सीआरडब्ल्यूएस भोपाल रेलवे वर्कशॉप में रेलवे टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं।
सोहिब खान ने बताया कि उनके पिता मजदूरी का कार्य करते हैं और परिवार आर्थिक रूप से साधारण है। इसके बावजूद उनके माता-पिता ने हमेशा ईमानदारी, मेहनत और शिक्षा का महत्व सिखाते हुए उनका हौसला बढ़ाया। बचपन से ही इलेक्ट्रिकल कार्यों में रुचि होने के कारण उन्होंने आईटीआई में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का चयन किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय आईटीआई गुना की इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की शिक्षिका रचना रघुवंशी को दिया। उनके अनुसार शिक्षिका ने सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण में भी धैर्यपूर्वक मार्गदर्शन किया। नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास पर दिए गए उनके मार्गदर्शन से वायरिंग, मोटर कंट्रोल, पैनल बोर्ड, इंटरलॉकिंग, मेंटेनेंस और फॉल्ट फाइंडिंग जैसे कार्यों में दक्षता हासिल करने में मदद मिली।
सोहिब खान ने कहा कि आईटीआई गुना, शिक्षिका रचना रघुवंशी के मार्गदर्शन, माता-पिता के आशीर्वाद और अपनी लगन के कारण वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। उन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षिका और आईटीआई गुना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में अपने ज्ञान और कौशल से देश और समाज की सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Directorate of Technical Education, Madhya Pradesh