
बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की ब्रीफिंग, बज्रगृह का किया निरीक्षण।
आज दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक, नवादा श्री अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से सभी प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को नवादा जिले के निर्धारित मतदान केंद्रों पर प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के साइनेज अलग-अलग एवं स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, ताकि मतदाताओं को अपने संबंधित मतदान केंद्र की पहचान करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने सभी पीठासीन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतपत्रों को निर्धारित नियमों के अनुसार मोड़ना सुनिश्चित करें। जिस मतपत्र पर क्रमांक संख्या मुद्रित नहीं हो, उसे किसी भी परिस्थिति में मतदाता को जारी नहीं किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नवादा जिले में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 15,829 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 14 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 1,749 मतदाता मतदान करेंगे।
निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए समाहरणालय, नवादा के सभाकक्ष में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06324-299948 है। निर्वाचन से संबंधित सूचनाएं एवं शिकायतें इस नंबर पर दर्ज कराई जा सकती हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि निर्वाचन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अग्निशमन दल की उपलब्धता एवं आवश्यकतानुसार वाहनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ब्रीफिंग के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नवादा स्थित पोल्ड मतपेटिका संग्रहण केंद्र (बज्रगृह) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन सामग्री के समुचित प्रबंधन, रखरखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित सामग्री कोषांग के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नवादा; अपर समाहर्त्ता, नवादा; अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर; गोपनीय शाखा प्रभारी; स्थापना प्रभारी; अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवादा सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 22, 2026