
सवाई माधोपुर: म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाला 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
मानटाउन थाना पुलिस की कार्रवाई, इंडियन बैंक के खाते में मिली साइबर ठगी की राशि; मथुरा निवासी पीड़ित की शिकायत पर जांच तेज
सवाई माधोपुर। जिले में साइबर ठगी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए मानटाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट (Mule Account) के जरिए साइबर ठगी से जुड़े मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलखुश पुत्र बत्तीलाल मीना (22) निवासी मथुरापुर, थाना मानटाउन, सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की साइबर सेल से प्राप्त संदिग्ध बैंक खातों की सूची के आधार पर जांच की गई। इस दौरान 1930 साइबर समन्वय पोर्टल पर जांच करने पर इंडियन बैंक, सवाई माधोपुर के एक खाते में साइबर ठगी की राशि प्राप्त होने की जानकारी सामने आई।
उक्त खाते के संबंध में पोर्टल पर शिकायत संख्या 33111250157385 दर्ज मिली। शिकायतकर्ता देवकरण यादव निवासी छाता, मथुरा (उत्तर प्रदेश) बताए गए हैं। बैंक से खाताधारक की जानकारी और दस्तावेज प्राप्त करने पर खाता दिलखुश पुत्र बत्तीलाल मीना के नाम पर होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल एवं शहर पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र कुमार के सुपरविजन में मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक प्रेमप्रकाश, साइबर सेल के महेन्द्र एवं राजकुमार तथा मानटाउन थाने के कांस्टेबल हरिसिंह और अशोक की अहम भूमिका रही।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।