
सात घरों में घुसकर 10 मोबाइल और नकदी उड़ाने वाले दो चोर गिरफ्तार Jharkhand Police IPRD Sahibganj DC Sahibganj संथाल हूल एक्सप्रेस संथाल हूल एक्सप्रेस तीनपहाड़ Sahibganj Pol Sahibganj Police Sahibganj Poliice
बरहेट पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान से सुलझाया मामला, चोरी के सभी मोबाइल बरामद
बरहेट। बरहेट थाना क्षेत्र के धनजोरी गांव में सात घरों में चोरी कर 10 मोबाइल फोन, नकदी और चांदी की चेन ले उड़ने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सभी 10 मोबाइल फोन तथा एक चांदी की चेन बरामद की है। मामले का खुलासा शनिवार को साहिबगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में किया गया।
पुलिस के अनुसार 28 मई की सुबह धनजोरी गांव के ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि गांव के कई घरों से मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पीड़ित गमित कुमार पंडित के आवेदन पर बरहेट थाना कांड संख्या 67/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी गए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक किया। इसी क्रम में एक मोबाइल का उपयोग बरहेट निवासी सजाद अंसारी उर्फ वायरस उर्फ वारेस द्वारा किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सजाद अंसारी ने अपने साथी वसीम अंसारी के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि 26 मई की रात दोनों धनजोरी गांव पहुंचे और करीब सात घरों में घुसकर 10 मोबाइल फोन, छह हजार रुपये नकद, एक महिला का पर्स तथा चांदी की चेन चोरी कर ली। चोरी के बाद दोनों ने सामान और नकदी का आपस में बंटवारा कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी वसीम अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के शेष मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में उसने भी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरहेट निवासी सजाद अंसारी उर्फ वायरस उर्फ वारेस तथा नीचे टोला बरहेट निवासी वसीम अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले में चोरी के 10 मोबाइल फोन और एक चांदी की चेन बरामद की है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने किया। टीम में असीम कुजूर, अरविंद कुमार दास, प्रमोद कुमार, रघुवीर राम सहित बरहेट थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।
धनजोरी गांव में एक ही रात सात घरों में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर मामले का खुलासा किए जाने और चोरी गए सामान की बरामदगी से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।