
समस्तीपुर:4 महीने की प्रेग्नेंट की मौत:निजी अस्पताल के बाहर शव को रखकर किया हंगामा
#समस्तीपुर में 4 महीने की गर्भवती महिला की गर्भपात के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिजन ने शव को अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा किया। मृतका अंगारघाट थाना क्षेत्र चैता दक्षिणी वार्ड-7 भमरूपुर टोला निवासी अमरेश राय की पत्नी रूपम कुमारी (24) है।परिजन के अनुसार रूपम 4 महीने की गर्भवती थी। मंगलवार को पेट में दर्द हुआ तो उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतका की मां बिंदा देवी ने कहा कि डॉक्टर ने ब्लॉक चौक के पास स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कराने की सलाह दी थी।
परिजन के अनुसार अल्ट्रासाउंड के लिए 1,500 रुपए लिए गए। जांच रिपोर्ट के बाद उन्हें गर्भ में बच्चा उल्टा होने की बात बताई गई। इसके बाद अस्पताल में डीएनसी कराने की सलाह दी गई। मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया घाट ब्रह्मस्थान के पास ब्लॉक रोड के पास की है।मृतक की ननद सुनीता देवे ने बताया कि इलाज और अन्य खर्च के नाम पर करीब 25 हजार रुपए मांगे गए। उधर, विभूतिपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार ने कहा कि मामला गंभीर है। लिखित आवेदन मिलने के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।