
बुढ़वा मंगल पर डेढ़ सौ कुश्तियां, दिखेंगे पहलवानों के दांव-पेंच
घटिया वाले महावीरजी पाठकपुरा में 22-23 सितंबर को होगा दो दिवसीय दंगल, कई राज्यों से पहुंचेंगे नामी पहलवान
उरई। समाजसेवी महेश प्रसाद अवस्थी की स्मृति में बुढ़वा मंगल के अवसर पर घटिया वाले महावीरजी पाठकपुरा में दो दिवसीय भव्य दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल का आयोजन 22 और 23 सितंबर को होगा। इसमें दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत करीब दर्जनभर राज्यों से नामी पहलवानों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन समिति ने करीब डेढ़ सौ कुश्तियां कराए जाने का लक्ष्य रखा है।
जय महावीर समिति उरई के अध्यक्ष सुशील अवस्थी ने बताया कि दंगल का शुभारंभ 22 सितंबर को सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा करेंगे, जबकि 23 सितंबर को प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित और पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
कई राज्यों से पहुंचेंगे पहलवान
आयोजकों के अनुसार दंगल में दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से पहलवान हिस्सा लेने पहुंचेंगे। बुंदेलखंड केसरी रह चुके पहलवानों को भी आयोजन में आमंत्रित किया गया है। कुश्ती प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता पहलवान को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्राचीन धार्मिक स्थल है घटिया वाले महावीरजी
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुशील अवस्थी ने बताया कि घटिया वाले महावीरजी पाठकपुरा केवल शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले का प्राचीन, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल है। यहां पिछले कई वर्षों से दंगल आयोजित होता आ रहा है। बुढ़वा मंगल के अवसर पर होने वाला यह आयोजन क्षेत्र में कुश्ती की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहता है।
Orai, Jalaun | Sep 21, 2026