
मादक द्रव्यों के दुरुपयोग व अवैध तस्करी के खिलाफ जनसामान्य में जागरूकता के लिए सेमिनार का हुआ आयोजन
धौलपुर, 23 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जनसामान्य में जागरूकता हेतु नशामुक्त कार्यक्रम 17 से 26 जून 2026 का आयोजन के तहत विभिन्न विभागो के समन्वय से जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम किये जा रहे है। नशा मुक्ति अभियान 2026 के तहत कार्यक्रमों के संबंध में मादक द्रव्यों के दुरूपयोग व अवैध तस्करी के खिलाफ जनसामान्य में जागरूकता हेतु 100 मास्टर ट्रेनर्स की ट्रेनिंग का सेमिनार कार्यक्रम मेडिकल कालेज धौलपुर में किया गया। सभी मास्टर ट्रेनर्स में शिक्षा विभाग से अध्यापक, चिकित्सा विभाग से एएनएम एवं महिला अधिकारिता विभाग से आगनबाड़ी कार्यकर्ता सेमिनार में शामिल हुये। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य मेडिकल कालेज दीपक कुमार दुबे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धर्मसिंह मीना के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर मालार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में शुरुआत में प्राचार्य मेडिकल कॉलेज धौलपुर दीपक कुमार के द्वारा नशा मुक्ति अभियान की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया साथ ही जनसामान्य में जागरूकता हेतु चलाये जा रहे नशामुक्त कार्यक्रम के बारे में विस्तार से चर्चा की। तत्पश्चात सीएमएचओ के द्वारा मादक द्रव्यों के दुरुपयोग एवं उनके सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) के द्वारा भी टीचर्स को कैसे नशे को अपने परिवार, आस-पास के क्षेत्रों में जागरूकता पैदा कर कम किया जा सकता है इसके संबंध में अपने अनुभव साझा किये। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सहायक प्रोफेसर मेडिकल कालेज धौलपुर अमित कुमार मीना एवं ड्रग्स कंट्रोलर अनुभव शर्मा के द्वारा सभी मास्टर ट्रेनर्स को मादक द्रव्यों के बारे में विस्तार से पीपीटी के माध्यम से विचार व्यक्त किये साथ ही मादक पदार्थाे ड्रग्स, कोकिन, अफीम, गांजा एवं अन्य के मानव शरीर में होने वाले दुष्प्रभावों, बीमारियों के बारे में विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में अंत में जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी देवेन्द्र सिंह जांगल के द्वारा सभी सेमिनार में पधारे हुए अतिथियों एवं मास्टर ट्रेनर्स का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच का संचालन गोविन्द शर्मा के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, कार्मिक उपस्थित हुए।