
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय झाबुआ में एकलव्य योजना अंतर्गत डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु संस्था स्तरीय काउंसिलिंग प्रारंभ
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, झाबुआ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एकलव्य योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों हेतु संचालित तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए संस्था स्तरीय काउंसिलिंग (सीएलसी राउंड) आयोजित की जा रही है।
महाविद्यालय में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखाओं में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रदान किया जाएगा। इच्छुक एवं 10वीं उत्तीर्ण अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी संस्था स्तरीय काउंसिलिंग में भाग लेने के लिए दिनांक 04 जुलाई 2026 से 12 अगस्त 2026 तक तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट https://dte.mponline.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
संस्था स्तरीय काउंसिलिंग के अंतर्गत अभ्यर्थियों को प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, झाबुआ में उपस्थित होना होगा। उपस्थित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की जाएगी तथा निर्धारित मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया संपादित की जाएगी।
एकलव्य योजना के अंतर्गत प्रवेश प्राप्त अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें निःशुल्क स्टेशनरी एवं ड्राइंग सामग्री, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, निःशुल्क छात्रावास एवं भोजन व्यवस्था, निःशुल्क परीक्षा सुविधा तथा प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति शामिल है।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि में पंजीयन कर संस्था स्तरीय काउंसिलिंग में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP