
खेत में बिछे करंटयुक्त तार की चपेट में आने से दो मासूमों की मौत,जांच में जुटी पुलिस
बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
मृतक बच्चों की पहचान खिलाफतपुर गांव निवासी रामाशंकर मुसहर एवं दिमांगी मुसहर के पुत्रों के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे रेलवे ट्रैक के किनारे डंप किए गए कोयले की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात सुरक्षा गार्डों ने कोयला चोरी की आशंका में उन्हें डांटकर भगा दिया।
गार्डों के डर से भागते हुए दोनों बच्चे पास के एक खेत में पहुंच गए, जहां निजी बोरिंग के लिए बिजली का नंगा तार बिछाया गया था। अनजाने में दोनों बच्चे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। तेज झटके के कारण मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण दोनों बच्चों के शवों को लेकर मुफस्सिल थाना पहुंचे और बाद में यादव मोड़ तिराहे पर शव रखकर चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि निजी बोरिंग संचालक की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Buxar, Buxar | Jun 3, 2026