
दिव्यांग युवती के अपहरण और दुष्कर्म का मामला: चंद घंटों में आरोपी और उसकी मां गिरफ्तार
देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के चंद घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार युवती की मां ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मानसिक रूप से दिव्यांग बेटी का अपहरण किया गया और उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 543/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 64(2), 61(2), 140(3) तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 92 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस का कहना है कि मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र पिता रामसिंह मालवीय (30), निवासी दशहरा मैदान, निमाड़ नगर, देवास को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ उसकी मां को भी आरोपी बनाया गया है।
दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उपनिरीक्षक संजय सौराष्ट्रीय, प्रधान आरक्षक घनश्याम, मप्रआर सावित्री बामनिया, मआर आरती, मोनिका, आरक्षक अरुण चावड़ा और गबरूद्दीन की कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही।