
सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से कन्हान क्षेत्र में लौटेगी खोई रौनक
चार बंद कोयला खदानों को फिर शुरू करने की प्रक्रिया तेज, डब्ल्यूसीएल सीएमडी ने मुख्यालय भेजा प्रस्ताव
छिंदवाड़ा। कन्हान कोयलांचल क्षेत्र की बंद पड़ी कोयला खदानों को पुनः शुरू कराने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। सांसद की पहल के बाद वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के सीएमडी ने कन्हान क्षेत्र की चार कोयला खदानों को पुनः शुरू करने संबंधी प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया है। अब मुख्यालय की अनुमति के बाद इन खदानों को शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कन्हान क्षेत्र की बंद खदानों को पुनः प्रारंभ कराने को लेकर दिल्ली में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात की थी। इसके साथ ही नागपुर प्रवास के दौरान उन्होंने डब्ल्यूसीएल के सीएमडी से भी मुलाकात कर पेंच एवं कन्हान क्षेत्र के विकास तथा बंद कोयला खदानों को पुनः शुरू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
सांसद ने सीएमडी को सौंपे पत्र में संबंधित खदानों में उपलब्ध कोयले की मात्रा तथा उनकी संभावित लाइफ सहित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी देते हुए खदानों को पुनः प्रारंभ करने की मांग रखी थी। सांसद कार्यालय के अनुसार, इसके बाद डब्ल्यूसीएल स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई और चार खदानों को खोलने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है।
बताया गया है कि कन्हान क्षेत्र की जगदम्बा, नारायणी और मोहन फेस-5 सहित चार खदानों को पुनः शुरू करने की दिशा में प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल प्रस्ताव पर मुख्यालय की अनुमति शेष है। अनुमति मिलने के बाद खदानों को प्रारंभ करने की आगामी कार्यवाही की जा सकेगी।
कन्हान कोयलांचल क्षेत्र में लंबे समय से खदानों के बंद होने के कारण रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा है। ऐसे में यदि प्रस्तावित खदानें पुनः शुरू होती हैं तो क्षेत्र में खनन गतिविधियों के साथ रोजगार एवं स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि कन्हान क्षेत्र के विकास और यहां की बंद कोयला खदानों को पुनः शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ें और कन्हान कोयलांचल की आर्थिक गतिविधियां फिर से गति पकड़ें।
Bunty Vivek Sahu
Junnardeo, Chhindwara | Sep 19, 2026