श्री वृंदावन धाम में छप्पन भोग के साथ भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न, हरिनाम संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
उदयपुर । तीतरड़ी के आजाद विहार स्थित प्रसिद्ध श्री राधे रानी-ठाकुर जी मंदिर 'श्री वृंदावन धाम' में रविवार को अन्नकूट महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। पीठाधीश्वर संत श्री कृष्णानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस भव्य मनोरथ में ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किए गए।
महोत्सव के उपलक्ष्य में पूरे मंदिर परिसर की अलौकिक और भव्य सजावट की गई थी। विशेष रूप से गर्भगृह में सजाया गया मनमोहक 'फूल बंगला' श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। इस दौरान महाराज श्री के सानिध्य में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा वातावरण राधे-कृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो गया।
महाआरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसादी का वितरण किया गया। इस दिव्य आयोजन में स्थानीय क्षेत्रवासियों सहित संपूर्ण शहर से बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर दर्शन लाभ लिया और भक्ति व आनंद का अनुभव किया।
Girwa, Udaipur | Nov 16, 2026