
मोबाइल का नेटवर्क अचानक गायब हो तो न करें नजरअंदाज, हो सकता है साइबर ठगी का संकेत: एसपी निकिता खट्टर*
*– SIM Swap के जरिए OTP पर कब्जा कर बैंक खाते को निशाना बना सकते हैं साइबर ठग*
*– बिना कारण ‘No Service’ दिखे तो तुरंत मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से करें संपर्क*
फतेहाबाद, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो। साइबर अपराधी ठगी के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने आमजन को SIM Swap/SIM से जुड़ी साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि मोबाइल का नेटवर्क अचानक बंद हो जाए और लंबे समय तक कॉल या मैसेज आना बंद हो जाएं तो इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझकर नजरअंदाज न करें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधी धोखे से पीड़ित के मोबाइल नंबर का डुप्लीकेट SIM/eSIM जारी करवाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसा होने पर पीड़ित के असली SIM की सेवा बंद हो सकती है और उसके नंबर पर आने वाले कॉल व SMS अपराधियों के नियंत्रण में जा सकते हैं। इसका फायदा उठाकर अपराधी OTP प्राप्त करने तथा बैंकिंग या अन्य ऑनलाइन खातों तक पहुंच बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मोबाइल में अचानक “No Service” या “Emergency Calls Only” दिखाई देने, बिना किसी कारण नेटवर्क चले जाने अथवा लंबे समय तक कॉल और SMS प्राप्त न होने की स्थिति में तुरंत अपने मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क कर SIM की स्थिति की जांच करवाएं। यदि बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर प्रभावित हुआ है तो संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचित करें।
*फतेहाबाद पुलिस की आमजन से अपील:*
▪️ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें।
▪️ अनजान लिंक पर क्लिक कर SIM/KYC अपडेट न करें।
▪️ SIM बंद होने या नेटवर्क गायब होने पर तुरंत मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क करें।
▪️ बैंक खाते में किसी अनजान ट्रांजेक्शन की सूचना मिलते ही बैंक को सूचित करें।
▪️ महत्वपूर्ण ऑनलाइन खातों पर मजबूत पासवर्ड और अतिरिक्त सुरक्षा विकल्पों का इस्तेमाल करें।
▪️ साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना 1930 पर शिकायत करें।
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव में सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है। मोबाइल नेटवर्क में अचानक आए असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जांच करवाएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।