न कार्यालयों के चक्कर, ना लंबा इंतजार, सेवा सेतु शिविर में एक जगह मिली सरकारी सेवाएं
जगाधरी नगर निगम कार्यालय में लगा सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार शिविर
यमुनानगर। नगर निगम कार्यालय जगाधरी के प्रांगण में मंगलवार को सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक ही छत के नीचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। शिविर में सैकड़ों लोगों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों से अधिकारियों को अवगत कराया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर समस्याओं को सुनते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके साथ ही नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र लोगों तक आसानी से पहुंचाना है। इसके तहत नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं या योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए शिविर के माध्यम से विभागों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अपनी पात्रता की जानकारी लें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। अधिकारियों ने भी लोगों को योजनाओं से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। शिविर में नगर निगम कार्यकारी अधिकारी एवं नगरपालिका रादौर सचिव सुरेंद्र मलिक, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो - शिविर में अपनी समस्या अधिकारियों को बताते नागरिक।
शिविर में लोगों की समस्या सुनते अधिकारी।