3 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, अपाचे बाइक जब्त
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर ओरछा रोड थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराजपुर-गढ़ीमलहरा रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 किलोग्राम से अधिक गांजा और तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को देखकर घेराबंदी की गई। दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बाइक पर रखी बोरी से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश रैकवार और रावसाहब बुंदेला, दोनों निवासी ग्राम कुसमा, थाना महाराजपुर, के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।