
मगरमच्छ ने युवक को गहरे पानी में खींचा, तलाश में जुटी टीमें
निचलौल। थाना क्षेत्र के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत निचलौल वन रेंज के गोड़हवा गांव के पास सोमवार को टेल फॉल नहर में मछली पकड़ रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ युवक को गहरे पानी में खींच ले गया, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार गोड़हवा गांव निवासी छांगुर उर्फ छब्बीलाल (36) अपने भाई इन्द्रु, पड़ोसी उमेश समेत अन्य लोगों के साथ नाव से टेल फॉल नहर में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान छांगुर नाव से पानी में उतरा। बताया जा रहा है कि पानी में पहले से मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाद में एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।
संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की मदद से नहर में लापता युवक की तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं युवक की तलाश को लेकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
मगरमच्छ के हमले की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।