
हमीरपुर जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ किया संवाद, पत्रकारों की समस्याओं एवं सुझावों पर दिए आवश्यक निर्देश*
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर पत्रकार बंधुओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुने तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
मीडिया संवाद के दौरान पत्रकार बंधुओं द्वारा जनपद से जुड़े विभिन्न जनहित के विषयों, स्थानीय समस्याओं एवं प्रशासन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे गए। जिलाधिकारी ने सभी विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का यथासंभव नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है तथा शासन-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद एवं सूचना के आदान-प्रदान में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों को बेहतर ढंग से सामने लाने में पत्रकार बंधुओं के सुझाव महत्वपूर्ण एवं उपयोगी हैं। प्रशासन द्वारा जनसामान्य से जुड़े मुद्दों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार बंधुओं द्वारा संज्ञान में लाए जाने वाले जनहित के विषयों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से परीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही, मीडिया एवं प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय और सतत संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मीडिया संवाद के दौरान पत्रकार बंधुओं ने जनपद में संचालित विकास कार्यों, जनसमस्याओं एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकेश खरवार, उपायुक्त उद्योग श्रीमती जयश्री, जिला खान अधिकारी श्री विकास परमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा जनपद के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के पत्रकार एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Jalaun, Jalaun | Aug 14, 2026