
कार्यपालक पदाधिकारी की अनुपस्थिति में हुई नगर पंचायत रोहतास की बोर्ड बैठक, 36.80 करोड़ रुपये के बजट को मिली मंजूरी
रोहतास। नगर पंचायत रोहतास की बोर्ड बैठक गुरुवार को मुख्य पार्षद सुमबुल आरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर क्षेत्र के विकास कार्यों हेतु 36 करोड़ 80 लाख 3 हजार रुपये के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए नगर पंचायत के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार की गई।
हालांकि बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी की अनुपस्थिति प्रमुख मुद्दा बनी रही। इसको लेकर कई बोर्ड सदस्यों ने नाराजगी जताई और कहा कि अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण विकास कार्यों में लगातार देरी हो रही है।
मुख्य पार्षद सुमबुल आरा ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में भी लगभग 33 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन एक रुपये का भी उपयोग नहीं हो सका। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हुआ तो इस वर्ष स्वीकृत 36.80 करोड़ रुपये का बजट भी केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा और नगर की जनता विकास कार्यों का इंतजार करती रह जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की मांग की।
वहीं, लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि एक ही समय में दो अलग-अलग बैठकों के आयोजन के कारण कार्यपालक पदाधिकारी बैठक में शामिल नहीं हो सके। उनके स्थान पर उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए अधिकृत किया गया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वीकृत बजट के अनुरूप नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में वार्ड पार्षद गुलाम सरवर अंसारी, मुरारी तिवारी, तरन्नुम खातून, शमा परवीन, आकिब जावेद, अजमत अली, संगीता देवी, सुनीता देवी और शांति देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
🗣️ आपकी क्या राय है?
क्या इस बार 36.80 करोड़ रुपये का बजट धरातल पर विकास कार्यों में दिखाई देगा या फिर पिछली बार की तरह खर्च नहीं हो पाएगा? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।
📍 अपना रोहतास – आपके क्षेत्र की हर बड़ी और भरोसेमंद खबर।
#Rohtas #NagarPanchayatRohtas #BoardMeeting #Budget2026 #Development #RohtasNews #BiharNews #ApnaRohtas #LocalNews #Nohatta