प्रेस नोट
जिला दतिया
*घर में घुसकर मारपीट, वाहन तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार*
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय दतिया श्री मयूर खंडेलवाल के निर्देशन एवं श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री मंजीत चावला तथा एसडीओपी महोदय दतिया आकांक्षा जैन के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, वाहन में तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
दिनांक 13.08.2026 को फरियादी कोमल सिंह अहिरवार निवासी चूनगर फाटक बाहर, वार्ड क्रमांक 03, दतिया ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि लगभग 12:30 बजे आरोपी अजय वाल्मीक अपने साथियों लखन वाल्मीक, सुमित वाल्मीक, छोटू वाल्मीक एवं अतुल वाल्मीक के साथ उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर फरियादी एवं उसके परिवार के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए फरियादी के पुत्र तरुण अहिरवार के साथ भी मारपीट की गई।
इसके बाद जब फरियादी अपने परिजनों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाना जा रहा था, तब आरोपियों ने चूनगर फाटक स्थित भैरव मंदिर के पास उसकी कार को रोककर डंडों एवं ईंट-पत्थरों से हमला कर वाहन के सामने का कांच तोड़ दिया। साथ ही फरियादी के भाई की लोडिंग वाहन (छोटा हाथी) में भी तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
थाना कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश प्रारंभ की और घटना के महज कुछ ही घंटों में आरोपी लखन पुत्र हरी वाल्मीक निवासी चूनगर फाटक, दतिया को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक दिनेश सिंह राजपूत (थाना प्रभारी, थाना कोतवाली), उप निरीक्षक विलियम सारस मुंडा, प्रधान आरक्षक ब्रजराज तोमर, आरक्षक धर्मेंद्र, आरक्षक रविंद्र, आरक्षक अरविंद रावत, आरक्षक मुनेश एवं आरक्षक राममिलन गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।