
#अखिलेश यादव की ओवैसी पर टिप्पणी को लेकर AIMIM नेता मो. अयूब सिद्दीकी ने साधा निशाना
कहा—मजलूमों के हक की आवाज उठाने से परेशान हैं विपक्षी दल, सपा और भाजपा की कार्यशैली पर उठाए सवाल
#बलिया। AIMIM उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल सचिव मो. अयूब सिद्दीकी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर 'रावण' कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उन्हें रावण की कहानी की जानकारी नहीं है, क्योंकि वे कर्बला के इतिहास और यजीद के दौर में हुए जुल्मों को पढ़ते और समझते आए हैं।
मो. अयूब सिद्दीकी ने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए सपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में दंगों के दौरान मुस्लिम महिलाओं की इज्जत और बेकसूर लोगों की जान की सुरक्षा नहीं हो सकी। वहीं, उन्होंने भाजपा शासनकाल में गुजरात समेत देश के विभिन्न हिस्सों में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए इंसाफ के सवाल पर भाजपा को भी घेरा।
उन्होंने कहा कि सपा खुद को धर्मनिरपेक्षता का पक्षधर बताती है, लेकिन जब कमजोरों और मजलूमों पर जुल्म होता है, तब उसकी भूमिका और भाजपा की कार्यशैली में उन्हें कोई खास अंतर नजर नहीं आता। उनके मुताबिक, दोनों दलों की राजनीति और चुप्पी पर सवाल उठना जरूरी है।
मो. अयूब सिद्दीकी ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी मजलूमों के हक की आवाज उठा रहे हैं और इसी वजह से कुछ राजनीतिक दलों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि हक और इंसाफ की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।