
मर्दनपुर वन क्षेत्र में अफीम की खेती की तैयारी करते एक व्यक्ति गिरफ्तार
ड्रोन के माध्यम से अफीम प्रभावित क्षेत्र की निगरानी की गई
चतरा. वन विभाग ने शुक्रवार को चतरा वन प्रक्षेत्र के मर्दनपुर सुरक्षित वन क्षेत्र में अफीम की खेती के उद्देश्य से तैयार खेत में पटवन कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया हैं. गिरफ्तार व्यक्ति भूषण तिर्की (पिता अल्विस तिर्की) आरा पंचायत के गेरी गांव का रहने वाला है. साथ ही वन भूमि में लगी खेती को कर्मियों द्वारा जोत कोड़ कर बर्बाद किया गया. कार्रवाई के दौरान ड्रोन के माध्यम से सघन निगरानी की गई. इसके जरिए वन क्षेत्र में अवैध रूप से खेत तैयार करने व अफीम की खेती से जुड़ी गतिविधियों की पहचान करने का प्रयास किया गया. इस संबंध में डीएफओ अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है. वन क्षेत्रों को ऐसी अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है. संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान व प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन व जीआईएस तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों का समय रहते पता लगाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके. उन्होंने कहा कि वन भूमि पर अतिक्रमण व अवैध खेती के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी. अभियान में प्रधान वनरक्षी मो. खुर्शीद आलम समेत अन्य वन कर्मी शामिल थे.