
*निकाय चुनाव 2026: पहाड़ी, कामां व सीकरी में दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए प्रशासन ने की निःशुल्क वाहन व्यवस्था*
*मतदान केंद्रों तक लाने व छोड़ने के लिए निकायों में लगाए विशेष वाहन; प्रभारी अधिकारी नियुक्त, कंट्रोल रूम नंबर किए जारी*
नगर/डीग, 08 सितम्बर। आगामी 9 सितंबर को जिले की तीन नगर पालिकाओं—पहाड़ी, कामां एवं सीकरी में होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव में शत-प्रतिशत व सुगम मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मयंक मनीष के दिशा-निर्देशानुसार संबंधित उपखण्ड एवं रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने और वापस पहुंचाने हेतु निःशुल्क वाहनों की व्यवस्था कर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदाता अथवा उनके परिजन वाहन सुविधा प्राप्त करने के लिए संबंधित प्रभारी अधिकारियों व कंट्रोल रूम पर संपर्क कर सकते हैं:
* नगर पालिका पहाड़ी: दिव्यांग व वरिष्ठ मतदाताओं के लिए दो वाहन लगाए गए हैं। व्यवस्था संचालन हेतु सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता लक्ष्मीनारायण यादव (मो. 9950446454) को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वाहन संबंधी सूचना प्रभारी के मोबाइल नंबर अथवा उपखण्ड कार्यालय कंट्रोल रूम नंबर 8441038143 पर दी जा सकती है।
* नगर पालिका कामां: मतदाताओं की सुगमता के लिए ईको एवं बोलेरो वाहन अधिकृत किए गए हैं। इस कार्य के प्रभावी समन्वय हेतु सा.नि.वि. के सहायक अभियंता रविन्द्र शर्मा (मो. 7976841201) को प्रभारी बनाया गया है। आमजन वाहन हेतु प्रभारी के नंबर अथवा कार्यालय कंट्रोल रूम नंबर 05640-294955 पर संपर्क कर सकते हैं।
* नगर पालिका सीकरी: क्षेत्र के दिव्यांग मतदाताओं के लिए दो ईको वाहन लगाए गए हैं। व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु सा.नि.वि. सीकरी के सहायक अभियंता देवरत गुर्जर (मो. 8952897680) को प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। मतदाता सुविधा हेतु उपखण्ड कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 8905026515 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया है कि सभी प्रभारी अधिकारी मतदान केंद्रों के बीएलओ से निरंतर समन्वय बनाए रखेंगे, ताकि कोई भी दिव्यांग अथवा वृद्धजन मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे।