
चाकू की नोक पर 9 टन आटे से भरा कंटेनर लूटा, GPS ने खोल दिया डकैती का राज
देवास से इंदौर तक पुलिस ने किया पीछा, सर्विस रोड पर ट्रांसफार्मर से टकराया कंटेनर; 5 आरोपी गिरफ्तार, करीब 50 लाख का माल बरामद
देवास। औद्योगिक क्षेत्र स्थित अवंतिका फूड्स कंपनी से 9 टन आटे से भरे कंटेनर की डकैती का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। बदमाशों ने चालक को चाकू की नोक पर धमकाकर कंटेनर समेत 310 कट्टे आटा लूट लिया था। वारदात के बाद भागे आरोपियों तक पहुंचने में कंटेनर में लगा GPS पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बना। GPS लोकेशन, CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से देवास पुलिस ने इंदौर तक पीछा किया और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कंटेनर और उसमें भरा करीब 9 टन आटा समेत लगभग 50 लाख रुपए का मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया है।
चालक को चाकू अड़ाकर नीचे फेंका
घटना 5 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। इंदौर की शिवानी ट्रांसपोर्ट का चालक संतोष मालवीय खाली कंटेनर लेकर देवास की राजीव नगर भट्टा स्थित अवंतिका फूड्स कंपनी पहुंचा था। कंपनी ने कंटेनर में आर्शीवाद कंपनी के आटे के 310 कट्टे, कुल करीब 9 टन माल लोड किया।
कंटेनर लेकर निकलने की तैयारी के दौरान एक बदमाश ड्राइवर साइड से पहुंचा और चालक की कमर पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कॉलर पकड़कर उसे नीचे फेंक दिया। घटना में चालक के हाथ और घुटनों में चोट आई। इसी दौरान चार अन्य बदमाश कंडक्टर साइड से कंटेनर में चढ़ गए और आटे से भरा कंटेनर लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने कंपनी के गार्ड को भी धमकाया और भागते समय कंपनी का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हालांकि चाकू दिखाने वाला एक आरोपी मौके पर ही रह गया, जिसे चालक और कंपनी के गार्डों की मदद से पकड़ लिया गया। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ही करीब पांच मिनट में पुलिस सक्रिय हो गई।
GPS की लोकेशन ने बदमाशों की राह दिखाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। पूछताछ और तकनीकी जानकारी में पता चला कि लूटे गए कंटेनर में GPS डिवाइस लगा है। इसकी लोकेशन इंदौर की ओर बढ़ रही थी। इसके बाद देवास पुलिस ने GPS लोकेशन के साथ CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र को जोड़कर कंटेनर का पीछा शुरू किया।
इंदौर कंट्रोल रूम, तेजाजी नगर और राऊ थाना पुलिस को भी सूचना देकर नाकाबंदी कराई गई। देवास और इंदौर पुलिस के समन्वित प्रयास से कंटेनर की घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखकर सर्विस रोड पर उतारा कंटेनर
पुलिस की नाकाबंदी देखकर आरोपी कंटेनर को मुख्य मार्ग से नीचे सर्विस रोड पर ले गए। इसी दौरान कंटेनर अनियंत्रित होकर एक ट्रांसफार्मर से जा टकराया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर में बैठे सूरज बैरागी (19) को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सूरज ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर अवंतिका फूड्स से चालक को चाकू की नोक पर धमकाकर कंटेनर और उसमें भरे आटे की डकैती करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाकी चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पांचों आरोपी गिरफ्तार, चाकू भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया है। मामले में आयुध अधिनियम की धारा 25 भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील चौहान (35), शुभम राजौरिया (19), आकाश बैरागी (20), भावेश पटेल (18) और सूरज बैरागी (19), सभी निवासी देवास के रूप में हुई है।
पुलिस ने कंटेनर MP09AZ1441, उसमें भरा 9 टन आर्शीवाद कंपनी का आटा और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है।
पुराने अपराध भी दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील चौहान के खिलाफ औद्योगिक क्षेत्र थाने में वर्ष 2011 से लेकर 2026 तक मारपीट, धमकी, चोरी और अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी सूरज बैरागी के खिलाफ भी औद्योगिक क्षेत्र थाने में एक मामला दर्ज है।
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई को तकनीकी साक्ष्यों, त्वरित सूचना तंत्र और देवास-इंदौर पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम बताया है। विशेष रूप से वारदात के तुरंत बाद डायल-112 पर मिली सूचना और कंटेनर के GPS ने जांच को दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।