
राजा नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग।
औरंगाबाद जिला मुख्यालय के हृदय स्थली रमेश चौक स्थित राजा नारायण सिंह पार्क में महान स्वतंत्रता सेनानी, बिहार में अंग्रेजों के प्रथम शत्रु और भारत माता के अमर सपूत राजा नारायण सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धांजलि सभा के रूप में मनाई गई।
राजा नारायण सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं विशेष लोक अभियोजक राजा नृपेश्वर नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले पार्क में स्थापित राजा नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
सभा में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजा नारायण सिंह ने अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिता दिया और अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए। वे बिहार में अंग्रेजों के प्रथम शत्रु माने जाते हैं। बताया जाता है कि सोन नदी पार करने के दौरान उन्होंने सैकड़ों अंग्रेजों को जल में डुबोकर मार गिराया था।
सभा के दौरान वक्ताओं ने मांग की कि औरंगाबाद जिले में स्कूली पाठ्यक्रम में राजा नारायण सिंह की जीवनी को शामिल किया जाए और उनकी जयंती अथवा पुण्यतिथि पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य कुमार चंद्रेश्वर नारायण सिंह, मानवेंद्र नारायण सिंह, सोमेंद्र नारायण सिंह, अधिवक्ता नागेंद्र सिंह, विजय कुमार सिंह, कुणाल सिंह, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र ज्ञानेंद्र सिंह चौहान, विनय कुमार मिश्रा, कमलेश सिंह, कामता पासवान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।