रांची: झारखंड में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक आज यानी 22 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम केंद्र ने राज्य के दक्षिणी एवं निकटवर्ती मध्य भागों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. इन क्षेत्रों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और धनबाद जिले शामिल हैं. यहां कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के शेष हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
Namkum, Ranchi | Jun 22, 2026